Acharya Mahamandaleshwar Swami Kaushalya Nandgiri described the Chhath festival as a unique confluence of nature and folk faith. – BBC India News 24
15/11/26

Acharya Mahamandaleshwar Swami Kaushalya Nandgiri described the Chhath festival as a unique confluence of nature and folk faith.

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंदगिरि ने छठ महापर्व को बताया प्रकृति और लोकआस्था का अनुपम संगम

प्रयागराज। लोकआस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने संध्याकाल में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। नदी, तालाब और विभिन्न जलाशयों के किनारे छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और समाज के कल्याण की कामना की। इस पावन अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंदगिरि ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और लोकआस्था का अद्भुत संगम है। भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा मानव जीवन में सूर्य के महत्व को दर्शाती है। सूर्य से ही पृथ्वी पर ऊर्जा, प्रकाश और जीवन का संचार होता है। इसलिए इस पर्व में सूर्यदेव के प्रति श्रद्धा और आभार प्रकट किया जाता है। उन्होंने कहा कि डूबते सूर्य को अर्घ्य देना सनातन संस्कृति की ऐसी अनूठी परंपरा है, जो समाज को गहरा संदेश देती है। हमारी संस्कृति में अस्त होते सूर्य को भी उतना ही सम्मान और श्रद्धा दी जाती है, जितना उगते सूर्य को। यह परंपरा सिखाती है कि जीवन के हर पड़ाव और हर अवस्था का सम्मान करना चाहिए। छठ पर्व में प्रकृति, जल, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता का विशेष महत्व है। स्वामी कौशल्या नंदगिरि ने कहा कि छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की आराधना से श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और संयम की प्रेरणा मिलती है। यह पर्व परिवारों को जोड़ने के साथ समाज में श्रद्धा, अनुशासन और सेवा की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने सभी से पर्व की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि सभी व्रती माताओं-बहनों का कठिन व्रत सफल हो और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण हों। सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और मंगल बना रहे।

Check Also

Acharya Mahamandaleshwar Swami Kaushalya Nand Giri participated in the Tejasa Women’s Conference.

तेजसा नारी सम्मेलन में शामिल हुईं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंद गिरि प्रयागराज – अखिल …