एसपी दीपक भूकर के निर्देशन में बाजारों में सघन पैदल गश्त, संदिग्धों की हुई चेकिंग
प्रतापगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का एहसास बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जेल चौकी प्रभारी प्रशांत दुबे ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन चेकिंग की। संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर पूछताछ भी की गई। अभियान का उद्देश्य अपराध एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा। इस दौरान चौकी प्रभारी प्रशांत दुबे ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। अभियान के दौरान बाजार में मौजूद लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया। पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग से अपराध नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com