लगधरपुर में सामुदायिक शौचालय बदहाल, सफाई व्यवस्था ध्वस्त – BBC India News 24
21/08/26

लगधरपुर में सामुदायिक शौचालय बदहाल, सफाई व्यवस्था ध्वस्त

रामपुर, जौनपुर।

स्थानीय रामपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत लगधरपुर में बने सामुदायिक शौचालय की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाए गए इस शौचालय में आज बदइंतजामी और लापरवाही साफ दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि शौचालय के अंदर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। टूटी-फूटी टाइल्स, जंग लगे दरवाजे, टूटी हुई नल और बिना पेंट की दीवारें इस बात की गवाही दे रही हैं कि इसकी देखरेख पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। दरवाजे और नलों के खराब होने से ग्रामीणों को उपयोग करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। अंदर जमा गंदगी और गड्ढों में भरे पानी से जहरीले सांप, कीड़े-मकोड़े और मच्छर पनपने लगे हैं, जिससे गांव में बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान पति राजू पटेल इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। यह उपेक्षा सरकार की उस महत्वाकांक्षी योजना पर सवाल खड़ा करती है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था का सपना दिखाया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद शौचालय की मरम्मत या सफाई की कोई व्यवस्था नहीं कराई गई। मजबूरन लोग खुले में शौच करने पर विवश हैं, जिससे स्वच्छ भारत अभियान की वास्तविकता पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सामुदायिक शौचालय की मरम्मत कराई जाए और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके और बीमारियों से बचाव हो सके।

यह मुद्दा सिर्फ लगधरपुर का नहीं है, बल्कि कई गांवों में बने सामुदायिक शौचालयों की दुर्दशा साफ-सफाई व्यवस्था की पोल खोल रही है।

Check Also

जौनपुर स्वास्थ्य महकमे में महाविस्फोट: नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार और ‘राजन हॉस्पिटल’ के बीच ‘अपराधिक सिंडिकेट’ का भंडाफोड़; जिलाधिकारी से मजिस्ट्रेट जांच और FIR की मांग

 BBC INDIA NEWS 24 जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और …