Police Take Strict Action Under Road Safety Campaign: Fines Worth ₹4.20 Lakh Imposed During Inspection of 357 Vehicles – BBC India News 24
28/09/26
Breaking News

Police Take Strict Action Under Road Safety Campaign: Fines Worth ₹4.20 Lakh Imposed During Inspection of 357 Vehicles

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस का सख्त एक्शन, 357 वाहनों की जांच में 4.20 लाख का जुर्माना

जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शनिवार देर रात पुलिस ने “ड्रंक एंड ड्राइव”, अवैध प्रेशर हॉर्न, मोडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म और हूटर-सायरन लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़  दीपक भूकर के निर्देशन में संचालित किया गया, जबकि इसकी निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय द्वारा की गई। यह विशेष चेकिंग अभियान थाना हथिगवां क्षेत्र के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर रात 08 बजे से 11 बजे तक चलाया गया। अभियान में यातायात पुलिस और थाना हथिगवां पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। यातायात उपनिरीक्षक  प्रदीप कुमार सिंह एवं खिदिरपुर चौकी इंचार्ज प्रिंस तिवारी ने अपनी टीम के साथ गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान लगभग 357 वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों के एल्कोहल स्तर की भी जांच की गई। चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते पाए गए। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चला रहे 06 चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 02 वाहनों को सीज किया और कुल ₹60,000 का शमन शुल्क वसूला। इसके अलावा एक वाहन पर मोडिफाइड साइलेंसर मिलने पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया। सबसे अधिक कार्रवाई प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न के खिलाफ हुई, जहां 27 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ₹2,70,000 का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।अभियान के दौरान बिना अनुमति हूटर और सायरन का प्रयोग करने वाले 02 वाहनों का चालान कर ₹20,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर 11 वाहनों से ₹55,000 तथा निर्धारित मानकों से अधिक ब्लैक फिल्म लगे 05 वाहनों से ₹15,000 का शमन शुल्क वसूला गया। कुल मिलाकर पुलिस ने इस अभियान में ₹4,20,000 का जुर्माना वसूल किया। प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और वाहनों में अवैध प्रेशर हॉर्न, हूटर या मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Check Also

The Sanatani Kinnar Akhara celebrated the Prime Minister’s birthday with devotion and reverence.

सनातनी किन्नर अखाड़े में भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया गया यशस्वी प्रधानमंत्री का जन्मदिन प्रयागराज। …