युवा पत्रकार रोहित जायसवाल के निधन से स्तब्ध हुआ पत्रकारिता जगत, भाजपा नेता आलोक पांडे ने जताया गहरा शोक
प्रतापगढ़। युवा पत्रकार रोहित जायसवाल के आकस्मिक निधन की खबर ने पत्रकारिता जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस उम्र में इंसान अपने सपनों को नई उड़ान देने और जीवन में अपनी पहचान को और मजबूत करने की कोशिश करता है, उस उम्र में रोहित जायसवाल का इस दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उनके निधन से पत्रकारों, शुभचिंतकों और परिचितों के बीच शोक की लहर है।
भाजपा नेता आलोक पांडे ने युवा पत्रकार के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रोहित जायसवाल ने कम उम्र में ही अपनी मेहनत, लगन और पत्रकारिता के प्रति समर्पण से एक विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनकी लेखनी में निर्भीकता थी, विचारों में निष्पक्षता थी और उनकी पत्रकारिता में आमजन की पीड़ा तथा जनहित के मुद्दों को विशेष स्थान मिलता था।
आलोक पांडे ने कहा कि रोहित जायसवाल का जाना केवल एक पत्रकार का बिछड़ना नहीं, बल्कि एक ऐसी युवा आवाज का खामोश हो जाना है, जो समाज की समस्याओं को सामने लाने का साहस रखती थी। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। जीवन की अनिश्चितता कभी-कभी ऐसे गहरे घाव दे जाती है, जिनकी भरपाई संभव नहीं होती। रोहित का असमय निधन भी ऐसा ही दुखद क्षण है।
उन्होंने कहा कि इस अपार दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com