मां जगदम्बा की आराधना में लीन हुईं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंदगिरी, विश्व कल्याण की कामना की
प्रयागराज – शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर राजापुर में मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंदगिरी ने विधि-विधान से मां जगदम्बा की आरती उतारी और उनके चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद मांगा। मां के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए।
राजापुर में मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंदगिरी की शिष्याओं सारिका नंदगिरी और रोशनी नंदगिरी ने की है। नवरात्र के इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। आरती के दौरान मां की महिमा का गुणगान हुआ और वातावरण में श्रद्धा व आस्था की अनुभूति देखने को मिली।
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंदगिरी ने मां जगदम्बा से समस्त जनमानस के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने सभी भक्तों पर मां की कृपा बनी रहने और उनके कष्ट दूर होने की कामना की। मां दुर्गा को शक्ति, साहस और करुणा का प्रतीक मानते हुए श्रद्धालुओं ने उनके प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
धार्मिक आयोजन के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। नवरात्र के पावन माहौल में आयोजित यह पूजा-अर्चना श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई।

BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com