भदोही–इंद्रामिल। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता को लेकर की गई शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को इंद्रामिल क्षेत्र स्थित शिव संदेश स्वीट हाउस पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजली श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
जांच के दौरान टीम ने मौके पर तैयार एवं बिक्री किए जा रहे खाद्य पदार्थों के साथ ही समोसे तलने में इस्तेमाल किए जा रहे तेल का भी नमूना लिया। सभी नमूनों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से संबंधित प्रतिष्ठान पर कुछ समय के लिए हलचल मच गई। शिकायतकर्ता को भी मौके पर हुई कार्रवाई एवं लिए गए नमूनों के संबंध में जानकारी दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि शिकायत में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता को लेकर कई गंभीर बिंदु उठाए गए थे। शिकायत के बाद विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर नमूने लिए जाने से अब सबकी निगाहें प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com