थाना सुरेरी की निष्क्रियता से पीड़ित को न्याय नहीं, दबंगों के हौसले बुलंद
जौनपुर/सुरेरी: ग्राम सभा कोचारी, थाना सुरेरी के अंतर्गत एक गंभीर प्रकरण में पुलिस की निष्क्रियता सामने आई है। 24 जुलाई 2025 को रास्ते के विवाद को लेकर मूलचंद्र मौर्य पर गांव के ही दबंगों द्वारा ईंट-पत्थर से हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने काफी प्रयासों के बाद सुरेरी थाने में एफआईआर तो दर्ज करा दी, लेकिन इसके बाद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित मूलचंद्र मौर्य का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि कानून उनका साथ देगा, लेकिन सुरेरी पुलिस की निष्क्रियता से उनका भरोसा टूट गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी राजेश मिश्रा न तो आरोपियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई कर रहे हैं, न ही पीड़ित को कोई सुरक्षा दी जा रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपित शंभु मौर्य और स्वयंप्रकाश मौर्य जैसे दबंग खुलेआम गांव में घूम रहे हैं, आए दिन जान से मारने की धमकी दे रहे है, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पीड़ित का कहना है कि यदि अगली बार हमला हुआ तो वह भी मजबूर होकर आत्मरक्षा में कठोर कदम उठाएंगे, जिसके परिणामस्वरूप खूनी संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का भी कहना है कि थाना सुरेरी का रवैया बेहद लापरवाह है, और पुलिस केवल खानापूर्ति में लगी रहती है। यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
पीड़ित पक्ष ने उच्चाधिकारियों से सुरक्षा की मांग करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि थाना प्रभारी राजेश मिश्रा दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं या फिर अपनी चुप्पी से किसी संभावित घटना को न्योता देते हैं।सूत्र –
BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com