ई-मेल से उड़ी दहशत: जौनपुर दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, घंटों बंद रहा परिसर – BBC India News 24
05/07/26

ई-मेल से उड़ी दहशत: जौनपुर दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, घंटों बंद रहा परिसर

जौनपुर। शहर स्थित दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को अफरातफरी मच गई। जिला जज की आधिकारिक वेबसाइट पर ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया।

एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया। न्यायालय के प्रत्येक कक्ष, बार रूम और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। घंटों चली जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, हालांकि एहतियातन सुरक्षा जांच देर तक जारी रही।

सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल रही हैं, जिससे अधिवक्ताओं में रोष है। अधिवक्ताओं ने इसे न्याय व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Check Also

जौनपुर नगर पालिका बोर्ड की बैठक में भारी हंगामा: अध्यक्ष मनोरमा मौर्य की अध्यक्षता में तीखी बहस, प्रस्तावों पर मचा बवाल

जौनपुर। जौनपुर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो …