मिर्जामुराद (वाराणसी)/ पारिवारिक कलह से आहत युवक ने जहरीला पदार्थ खाया, नशे में बनाया वीडियो वायरल – BBC India News 24
24/02/26
Breaking News

मिर्जामुराद (वाराणसी)/ पारिवारिक कलह से आहत युवक ने जहरीला पदार्थ खाया, नशे में बनाया वीडियो वायरल

 

मिर्जामुराद (वाराणसी)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव निवासी 32 वर्षीय नीरज कुमार मौर्या की शुक्रवार देर रात उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। शनिवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, घटना से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने मामले को और अधिक चर्चा का विषय बना दिया है। वीडियो में मृतक ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी सत्यता को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

लंबे समय से पारिवारिक कलह से जूझ रहा था मृतक

सूत्रों के अनुसार नीरज कुमार मौर्या लंबे समय से अत्यधिक शराब का सेवन करता था। गांव वालों का कहना है कि नीरज और उसकी पत्नी के बीच बीते कई महीनो से संबंधों में तनाव बना हुआ था। पारिवारिक जीवन में आए दिन होने वाले विवादों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया था। और नीरज की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी, जिसका इलाज भी चल रहा था।

बताया जाता है कि नीरज की पत्नी अक्सर उसे शराब छोड़ने की सलाह देती थी। वह पति के अत्यधिक नशे की आदत से परेशान रहती थी। कई बार उसने समझाने की कोशिश की कि शराब की वजह से घर का माहौल खराब हो रहा है, आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ रहा है। लेकिन नीरज पर इन बातों का कोई खास असर नहीं पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार नीरज नशे की हालत में घर लौटता था और छोटी-छोटी बातों पर विवाद खड़ा हो जाता था। कभी खर्च को लेकर, तो कभी घरेलू जिम्मेदारियों को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस होती थी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई बार दोनों परिवारों और गांव के बुजुर्गों को पंचायत बैठानी पड़ी। पंचायत में समझौता भी हुआ, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही हालात बन जाते थे।

पत्नी मायके चली गई, बढ़ गया तनाव

लगातार विवाद और मानसिक तनाव के चलते नीरज की पत्नी कई महीनों पहले अपने मायके चली गई थी। बताया जाता है कि वह अपने पति की शराब की लत और रोज-रोज के झगड़ों से बेहद परेशान थी। मायके जाने के बाद भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी, जो कई बार विवाद में बदल जाती थी।

घटना वाले दिन भी नीरज ने जरूरत से ज्यादा शराब का सेवन किया था। नशे की हालत में उसने अपनी पत्नी को फोन किया, जहां दोनों के बीच फिर से तीखी नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी ने एक बार फिर उसे शराब छोड़ने और जिम्मेदारी से जीवन जीने की सलाह दी, जिस पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई।

कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका

जानकारी के मुताबिक पत्नी के मायके चले जाने से उपजे मानसिक तनाव और अत्यधिक नशे की स्थिति में नीरज ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। ग्रामीणों ने हालत बिगड़ती देख परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।

वायरल वीडियो से मामला और उलझा

घटना से पहले नशे की हालत में नीरज ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में उसने पड़ोसी प्रमोद नामक युवक को अपनी हालत के लिए जिम्मेदार ठहराया।

हालांकि, प्रमोद ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है। उसका कहना है कि उसका इस घटना से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार नीरज और उसकी पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए नीरज कई दिनों से प्रमोद को पंचायत के तौर पर बुला रहा था।

बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रमोद अपनी पत्नी की डिलीवरी के कारण अस्पताल में व्यस्त था और इसी वजह से वह नीरज के बुलावे पर नहीं पहुंच सका। गांव में चर्चा है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर नशे की हालत में नीरज ने वीडियो में उसका नाम ले लिया। जबकि युवक प्रमोद का इस घटना से कोई वास्ता नहीं है,। ऐसा प्रमोद ने बताया

गांव में चर्चाओं का दौर, पुलिस जांच के इंतजार में

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे पारिवारिक कलह और नशे की लत से उपजा कदम मान रहे हैं,

पुलिस का कहना है कि यदि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत (तहरीर) मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

सामाजिक चिंता का विषय

ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और पारिवारिक संवाद की कमी का भी संकेत है। यदि समय रहते नशे की आदत पर नियंत्रण और पारिवारिक मतभेदों का समाधान किया जाता, तो शायद यह दुखद परिणाम टल सकता था।

फिलहाल जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। वहीं, नीरज की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

सूत्र – बेकिंग – शराब की लत या मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण युवक ने खाया जहरीला पदार्थ