धर्मापुर, जौनपुर। दीनदयाल जयंती पर सजी छायाचित्र प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता में कुमकुम ने मारी बाजी – BBC India News 24
16/10/26
Breaking News

धर्मापुर, जौनपुर। दीनदयाल जयंती पर सजी छायाचित्र प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता में कुमकुम ने मारी बाजी

धर्मापुर, जौनपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई वाराणसी (उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग, लखनऊ) एवं एमटीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्मापुर, जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ उनके जीवन एवं विचारों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव (मम्मन) ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में उनके जीवन, कार्यों एवं विचारों से संबंधित विभिन्न छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें छात्र-छात्राओं ने रुचिपूर्वक देखा। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा कुमकुम ने प्रथम, कक्षा 9 के दीपांशु यादव ने द्वितीय तथा कक्षा 11 के अनुराग पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष प्रजापति ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. रामनरेश पाल ने छात्र-छात्राओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, व्यक्तित्व एवं योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई वाराणसी के राजीव रंजन ने उपस्थित अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर मिथुन, आनंद निषाद, आनंद मौर्य, सूरज सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Check Also

सुरेरी में गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण, घर-घर पहुंची पशु चिकित्सा टीम

जौनपुर। रामपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सभा सुरेरी में 24 सितंबर 2026 को गोवंशीय पशुओं …