Tears welled up on Guruji’s first death anniversary, and emotional tributes were paid. “Let us all together make Guruji’s vision a reality”: Alok Pandey – BBC India News 24
13/10/26
Breaking News

Tears welled up on Guruji’s first death anniversary, and emotional tributes were paid. “Let us all together make Guruji’s vision a reality”: Alok Pandey

गुरुजी की पहली पुण्यतिथि पर छलक उठीं आंखें, भावुक माहौल में दी गई श्रद्धांजलि

“गुरुजी की परिकल्पना को हम सब मिलकर करें साकार” : आलोक पांडेय

प्रतापगढ़। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के बीरापुर बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में बुधवार को उस समय माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया, जब पूर्व विधायक स्वर्गीय पंडित लक्ष्मी नारायण पांडेय ‘गुरुजी’ की प्रथम पुण्यतिथि पर सैकड़ों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र हुए। मंच पर सजी उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए अनेक लोगों की आंखें नम हो गईं। गुरुजी की यादों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आलोक कुमार पांडेय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गुरुजी का जाना केवल एक व्यक्ति की विदाई नहीं, बल्कि संगठन और समाज के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी का सपना था कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला एक परिवार बने। आज आवश्यकता है कि हम सभी मिलकर उनके इसी सपने को साकार करें।

आलोक पांडेय ने कहा कि राजनीतिक जीवन संघर्षों से भरा होता है। जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए व्यक्ति को अनेक कठिनाइयों और अपमान का सामना करना पड़ता है, लेकिन स्व. लक्ष्मी नारायण पांडेय गुरुजी ने कभी अपने सिद्धांतों और सेवा भाव से समझौता नहीं किया। उन्होंने हमेशा समाज के प्रत्येक वर्ग को समान सम्मान दिया और अपना पूरा जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व आज भी हजारों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुजी के अभिन्न सहयोगी आचार्य राजेश्वर दूबे ने की। उन्होंने अपने संबोधन में गुरुजी के साथ बिताए गए अनेक संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि गुरुजी ने अपने जीवन में सादगी, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोच्च स्थान दिया। उन्होंने कभी पद या प्रतिष्ठा के लिए नहीं, बल्कि जनता की भलाई के लिए राजनीति की। यही कारण है कि उनके निधन के एक वर्ष बाद भी लोग उन्हें उतनी ही श्रद्धा और सम्मान से याद कर रहे हैं।

श्रद्धांजलि सभा में कई वक्ता भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि गुरुजी का स्नेह, मार्गदर्शन और अपनापन आज भी हर कार्यकर्ता को याद आता है। उनकी कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता, लेकिन उनके आदर्श, विचार और जनसेवा का मार्ग हमेशा नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करता रहेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह, अशोक सरोज, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा, रानीगंज मंडल अध्यक्ष विवेक शर्मा, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दिलीप पांडेय, गौरा मंडल अध्यक्ष बृजेश पटेल, मंडल महामंत्री सत्यम शुक्ला, भाजपा नेता बृजेश यादव, दिनेश दूबे, अनिल सिंह, प्रवीण मौर्य, निसार अहमद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव ने किया। अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और गुरुजी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Check Also

Delhi NCR: SK Productions and PU Productions organized the grand SK Universe India International Beauty Pageant

Delhi NCR: SK Productions and PU Productions organized the grand SK Universe India International Beauty …