रामपुर, जौनपुर।
रामपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा कोचारी (गंजारी) में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली की कहानी बयां कर रही है। यह सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि बरसात के दिनों में बच्चों के लिए स्कूल पहुंचना किसी संघर्ष से कम नहीं होता।
गांव के लोगों के अनुसार, यह सड़क पूरी तरह कच्ची है और लंबे समय से घास-फूस व झाड़ियों से भर गई है। इन झाड़ियों के बीच से होकर बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है, जिससे कीड़े-मकोड़ों, बिच्छुओं और सांपों का खतरा हमेशा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बच्चे और अध्यापक बाइक लेकर फिसलकर गिर चुके हैं और डर के मारे कई छोटे बच्चे स्कूल जाने से कतराने लगे हैं।
बरसात के समय तो हालात और भी बिगड़ जाते हैं — सड़क पर पानी भर जाने के कारण बच्चे खेतों की मेड़ (मेडी) से होकर किसी तरह स्कूल पहुंचते हैं। इससे बच्चों के कपड़े, जूते, किताबें सब गीले हो जाते हैं और पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ता है।
विद्यालय के अध्यापकों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान दीनानाथ मौर्य से की गई है। अध्यापकों के अनुसार, प्रधान ने भी इस समस्या को स्वीकार किया है और बताया कि “सड़क के बीचों-बीच सरकारी नाली होने के कारण विवाद की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है।”
प्रधान दीनानाथ मौर्य ने यह भी कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर क्षेत्रीय विधायक से बात की है, ताकि जल्द से जल्द समाधान निकाला जा सके।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को जल्द कदम उठाने चाहिए। शिक्षा का अधिकार तभी सार्थक होगा, जब बच्चों तक स्कूल जाने का रास्ता सुरक्षित और सुगम हो। बता दे आपको, वहां के अध्यापकों ने चिंता जताते हुए (परेशान होकर) मीडिया से बच्चों को सुरक्षित आने जाने के लिए रोड को सुनिश्चित करने लिए बात रखी।
BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com