गोकुल एकेडमी में शान से लहराया तिरंगा, धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस – BBC India News 24
09/06/26
Breaking News

गोकुल एकेडमी में शान से लहराया तिरंगा, धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस

जौनपुर। नगर के मोहल्ला सिपाह स्थित गोकुल एकेडमी में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसे विद्यालय के संस्थापक श्री पारसनाथ यादव जी ने अपने कर-कमलों द्वारा संपन्न किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

राष्ट्रगान के उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य मंचन के माध्यम से अमर शहीदों को नमन किया गया। कार्यक्रमों में देश के प्रति एकता, भाईचारा और आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश दिया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक ने सभी को भावविभोर कर दिया और समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुधीर चंद्र कुशवाहा ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

विद्यालय के प्रबंधक अरुण कुमार यादव ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर सपूतों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने अपने संबोधन में आज़ादी के महत्व और संविधान की गरिमा पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। साथ ही रंगारंग कार्यक्रमों की सफल प्रस्तुति में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या विनीती मौर्या ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बच्चों को देशहित में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने, एक अच्छा नागरिक बनने, सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा राष्ट्र का नाम रोशन करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर आयुष कुमार, मेहनाज जैदी, समरीन फातमा, तंजीला फातमा, अलका कुशवाहा, जोहा जैदी, आकांक्षा विश्वकर्मा, तंजीम फातमा, रूपेश सोनी, पूजा चौहान, सफक फातमा सहित विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Check Also

कलम की ताकत से सच को सामने लाना और समाज को जागरूक करना ही सच्ची पत्रकारिता है।”

लोकतंत्र का चौथा स्तंभ: पत्रकारिता का महत्व और जिम्मेदारी आज राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर …