ग्रामीण बेटियों को आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ाता ‘अतुल्य’ प्रयास — 30 दिवसीय सौंदर्य प्रशिक्षण का भव्य समापन, प्रतिभागियों में दिखा आत्मविश्वास का निखार – BBC India News 24
27/04/26
Breaking News

ग्रामीण बेटियों को आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ाता ‘अतुल्य’ प्रयास — 30 दिवसीय सौंदर्य प्रशिक्षण का भव्य समापन, प्रतिभागियों में दिखा आत्मविश्वास का निखार

जौनपुर।

सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट ने एक बार फिर ग्रामीण अंचल की महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक पहल करते हुए 30 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम खुझी मोड़ स्थित निखार ब्यूटी पार्लर में आयोजित किया गया, जहां अंतिम दिन समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों का संक्षिप्त परिचय देते हुए बताया कि ट्रस्ट निरंतर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और बच्चियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मनोरमा मौर्या ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और बच्चियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना एक अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन की विभिन्न योजनाओं से ऐसे प्रयासों को और अधिक मजबूती दिलाने के लिए सहयोग किया जाएगा, ताकि यह अभियान व्यापक स्तर पर आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षिका सरोज गुप्ता के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण में सहयोगी प्रशिक्षकों के रूप में डिम्पल गुप्ता, सुमन, आंचल और साक्षी यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बेस्ट मेकअप में रीता, बेस्ट हेयर कट में नेहा निषाद एवं श्रेया सोनकर, हेयर डू में आंचल, बेस्ट स्किन में नेहा भारती तथा एडवांस श्रेणी में प्रीति यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार हासिल किए।

समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रामसूरत मौर्या, सीमा गुप्ता, क्षमा सिंह, धरमू गुप्ता, शहजादी गुप्ता, दिनेश, उपेन्द्र, डिम्पल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और हुनर का जो निखार दिखा, वह इस पहल की सफलता का स्पष्ट प्रमाण था। यह कार्यशाला न केवल कौशल विकास का माध्यम बनी, बल्कि ग्रामीण बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त मंच भी साबित हुई।

Check Also

जौनपुर में सूदखोरी का शिकंजा: दबंगों ने किसान की फसल लूटी, विरोध पर गाली गलौज व जान से मारने की धमकी, 

जौनपुर में सूदखोरी का शिकंजा: दबंगों ने किसान की फसल लूटी, विरोध पर गाली गलौज …