विश्वास का फायदा उठाकर 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस से एफआईआर की मांग
रिश्तेदार पर फर्जी बिल बनाकर गबन करने का आरोप, पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी देने की भी शिकायत
जौनपुर, संवाददाता। दिल्ली में सेना को ग्रोसरी एवं अन्य आवश्यक सामग्री की आपूर्ति का व्यवसाय करने वाले एक कारोबारी ने अपने रिश्तेदार पर विश्वास का दुरुपयोग कर फर्जी बिलों के माध्यम से लगभग 65 से 70 लाख रुपये के गबन, धोखाधड़ी एवं जालसाजी का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना लाइनबाजार जनपद जौनपुर में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, राज्यपाल, पुलिस महानिदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
पीड़ित छोटेलाल बिन्द, पुत्र फिरतू बिन्द, निवासी ग्राम बिलहरी हसनपुर, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह कई वर्षों से दिल्ली में अपनी फर्म एस.एस. इंटरप्राइजेज के माध्यम से सेना को ग्रोसरी, सब्जी एवं अन्य सामग्री की आपूर्ति का कार्य करते हैं। वर्ष 2018 में उनके रिश्तेदार सुनील कुमार बिन्द ने बेरोजगारी का हवाला देकर काम मांगा, जिसके बाद उसे दुकान की देखरेख, हिसाब-किताब तथा नकद एवं ऑनलाइन लेनदेन की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2018-19 में बीमारी के कारण छोटेलाल बिन्द नियमित रूप से व्यवसाय की निगरानी नहीं कर सके। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से अपनी पत्नी एवं मां के साथ मिलकर फर्म के नाम पर फर्जी बिल तैयार किए तथा नकद धनराशि का गबन करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वर्ष 2018 से 2024 के बीच करीब 65 से 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पीड़ित का कहना है कि लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए उन्हें वर्ष 2019 से विभिन्न बैंकों से लगभग 77.12 लाख रुपये का ऋण लेना पड़ा। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद जब उन्होंने कारोबार का पूरा हिसाब मांगा तो कथित तौर पर गड़बड़ी सामने आई।
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी ने पंचायत के दौरान अपनी गलती स्वीकार करते हुए 10 लाख रुपये वापस किए थे तथा शेष राशि भी लौटाने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि बाद में उसने पैसा देने से इनकार कर दिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि लगभग दो सप्ताह पूर्व आरोपी कुछ अज्ञात लोगों के साथ आया और दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी एवं उसके सहयोगियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी, गबन और धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने, हड़पी गई धनराशि की बरामदगी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत के साथ बैंक स्टेटमेंट तथा कथित फर्जी बिलों की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गई हैं।
BBC INDIA NEWS 24
BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com