’स्कूल चलो अभियान’ की जनपद स्तरीय रैली का हुआ भव्य आयोजन, शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक – BBC India News 24
09/07/26
Breaking News

’स्कूल चलो अभियान’ की जनपद स्तरीय रैली का हुआ भव्य आयोजन, शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 में अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को टाउन हॉल मैदान, नगर पालिका परिषद जौनपुर से ’स्कूल चलो अभियान’ की जनपद स्तरीय रैली का भव्य आयोजन किया गया।

रैली का शुभारंभ मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव जी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया, जो नगर पालिका के मैदान से शुरू होकर कोतवाली चौराहा, चहारसू, शाही किला, अटाला मस्जिद होते हुए पुनः नगरपालिका मैदान में आकर समापन शिक्षा के प्रति जनजागरूकता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

इस अवसर पर मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि बच्चों के नामांकन तथा उनकी शिक्षा में गुरुजनों की भूमिका का महत्व सर्वोपरि है। विद्यालय चलो अभियान के प्रथम चरण से लेकर द्वितीय चरण तक जनपद में लगभग 60 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन किया जा चुका है तथा आगामी 15 जुलाई तक इस संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बालक-बालिका तक शिक्षा का अधिकार पहुँचे।

उन्होंने सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

अपने संबोधन में उन्होंने निपुण भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षकों को समाज की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति बताते हुए कहा कि जब अभिभावक अपने बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराते हैं, तो वे पूरे विश्वास के साथ उन्हें शिक्षकों के सुपुर्द करते हैं। ऐसे में बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, शिक्षा और जीवन की दिशा तय करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षक ही वह शक्ति है जो बच्चों को आगे बढ़ाकर उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा का अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक तथा विभिन्न क्षेत्रों में सफल नागरिक बनने की प्रेरणा और मार्गदर्शन देता है। राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है और उनके प्रयासों से ही समाज एवं देश का भविष्य सशक्त बनता है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों से आह्वान किया गया कि वे पूरे समर्पण, लगन और सेवा भाव के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें तथा प्रत्येक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा में सहयोग देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि जनपद में आज “विद्यालय चलो अभियान“ एवं “निपुण भारत मिशन“ के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति अभिभावकों एवं समाज को जागरूक करना है। सरकार द्वारा प्राथमिक एवं बेसिक शिक्षा के विद्यार्थियों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक छात्र-छात्रा को डीबीटी के माध्यम से रु0 1200 की धनराशि यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर तथा अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री हेतु प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन का वास्तविक प्रकाश है। “शिक्षा से ज्ञान प्राप्त होता है और ज्ञान बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है।“ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मजबूत शैक्षिक आधार आवश्यक है, जिसे तैयार करने में शिक्षक एवं अभिभावक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं अभिभावकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने गत वर्ष जनपद के उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए बेसिक शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी जनपद निपुण भारत मिशन में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करेगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह बच्चों की शैक्षिक प्रगति, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं समग्र विकास पर अभिभावकों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे बच्चों को सही मार्गदर्शन एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

इस दौरान रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने शहरवासियों को बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन तथा नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।

             इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि “हर बच्चा स्कूल जाए, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाए“ अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय से विद्यालय में नामांकन कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, श्रीमती मनोरमा मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एस.आर.जी. द्वय, एवं ए.आर.पी. सहित जिला प्रशासन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन रमेश चन्द्र पटेल, नुपूर श्रीवास्तव ने किया।

कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए रैली में शामिल सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से रैली संपन्न करने का आग्रह किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Check Also

JAUNPUR/ विश्वास का फायदा उठाकर 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस से एफआईआर की मांग

विश्वास का फायदा उठाकर 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस …