जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित पूसा से देश के 100 आकांक्षात्मक कृषि जनपदों के लिए प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना (PMDDKY) का शुभारंभ किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय गोकुल मिशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों तथा पशु मैत्री प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, जौनपुर में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पशुपालक और किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश श्री गिरीश चन्द्र यादव रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद, लखनऊ द्वारा चयनित 11 उत्कृष्ट पशु मैत्रियों को राज्यमंत्री श्री यादव ने प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना देश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करेगी। यह योजना किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, उत्पादकता बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहायक होगी।
राज्यमंत्री यादव ने कहा कि राष्ट्रीय गोकुल मिशन न केवल गोवंश संरक्षण में अहम भूमिका निभा रहा है, बल्कि दुग्ध उत्पादन को भी नई ऊँचाइयों पर पहुँचा रहा है। इससे किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, डा० अजय सिंह, जिलाधिकारी डा० दिनेश चन्द्र, डीसीएफ चेयरमैन धनंजय सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. निशा वर्मा, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह सहित पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पशु मैत्री और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस योजना से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ देश की खाद्य सुरक्षा को भी सुदृढ़ किया जाएगा। नई तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से खेती को अधिक लाभदायक बनाना सरकार का लक्ष्य है।
कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने सभी को प्रधानमंत्री की योजनाओं से जुड़ने, कृषि में नवाचार अपनाने और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
BBC India News 24 wwwbbcindianews24.com